सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू ने रविवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन के संरक्षक रामकुमार कौशिक के नेतृत्व में आयोजित साप्ताहिक स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए बस स्टैंड परिसर स्थित भगवान श्रीकृष्ण एवं भक्त माता कर्मा मंदिर परिसर में साफ-सफाई की।
इस दौरान अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा और सेवा ही समर्पण” के संकल्प के साथ चलाया जा रहा यह अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि जब नई पीढ़ी स्वच्छता के संस्कार अपनाती है, तब स्वच्छ, सुंदर और विकसित नगर के निर्माण की दिशा और अधिक मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और सामाजिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी ही किसी भी सामाजिक परिवर्तन की सबसे बड़ी ताकत होती है और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ एवं आदर्श नगर का निर्माण संभव है।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय हेल्पलाइन फाउंडेशन ने नगरवासियों से नियमित रूप से स्वच्छता अभियानों में शामिल होने तथा अपने घर, मोहल्ले एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। संस्था ने कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सकता है और नगर को स्वच्छता एवं जनजागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर शिक्षक ललित यादव, भावेश साहू, नवीन, घुपेंद्र, अनुराग, संतोष वर्मा, सूरज, कुंवर सोनी, हरीश, विशाल, प्रेम यादव, अमन, प्रिंस, मुकेश, विवेक, ज्ञानेश, अजय, सुनील कौशिक, स्वच्छता दीदी श्रीमती पायल, श्रीमती सती जी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं बच्चों ने अभियान में भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
