सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक 04 के पार्षद कृष्ण साहू ने शिक्षा को बढ़ावा देने की पहल करते हुए अपने वार्ड के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की। इस अवसर पर नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के 50 बच्चों को स्कूल जूते एवं मोजे वितरित किए गए, वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 20 विद्यार्थियों को कॉपी और पेन प्रदान किए गए।
शैक्षणिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए पार्षद कृष्ण साहू का आभार व्यक्त किया। वहीं अभिभावकों ने भी इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पार्षद को आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कृष्ण साहू ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना उनका सामाजिक दायित्व है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा और जनहित से जुड़े ऐसे कार्य लगातार जारी रखने का भरोसा दिलाया।
