Headlines

42.89 लाख की लागत से बने अतिरिक्त आवासीय कक्षों का लोकार्पण, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

सरगांव। विकासखंड पथरिया अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सरगांव में गुरुवार को 42 लाख 89 हजार रुपये की लागत से निर्मित छह अतिरिक्त आवासीय कक्षों का लोकार्पण क्षेत्रीय विधायक व कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धरमलाल कौशिक ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने की। इस अवसर पर छात्राओं को गणवेश, स्कूली बैग, पेन, कॉपी सहित अन्य अध्ययन सामग्री का वितरण किया गया। साथ ही शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली मेधावी छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


छह नए आवासीय कक्षों का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक ने 42 लाख 89 हजार रुपये की लागत से निर्मित छह अतिरिक्त आवासीय कक्षों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इन नए कक्षों के निर्माण से छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी तथा विद्यालय की क्षमता में भी वृद्धि होगी।


मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कक्षा 6वीं में रिद्धि सोनी ने 92.77 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। भलेश्वरी ने 89 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय तथा नैनसी ने 88 प्रतिशत अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा 7वीं में दामनी ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अस्मिता ने 92 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा पायुशी ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
कक्षा 8वीं में सरिता ने 92 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वंदना एवं सिया ने 88-88 प्रतिशत अंक अर्जित किए, जिनमें वंदना द्वितीय तथा सिया तृतीय स्थान पर रहीं।


गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सरकार की प्राथमिकता : धरमलाल कौशिक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में छह अतिरिक्त आवासीय कक्षों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की बेटियों को भी शहरों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया पौधरोपण
कार्यक्रम के अंत में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया। विधायक धरमलाल कौशिक ने स्वयं पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।


विद्यालय की अधीक्षिका ने सौंपा मांग-पत्र
इस अवसर पर विद्यालय की अधीक्षिका उषा रात्रे ने विधायक धरमलाल कौशिक को विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए मांग-पत्र सौंपा। मांग-पत्र में

  • 1.छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने हेतु बोरवेल उत्खनन,
  • 2.प्रार्थना एवं सामूहिक गतिविधियों के लिए प्रार्थना शेड का निर्माण,
  • 3. विद्यालय परिसर में आवागमन के लिए 200 मीटर सीसी रोड,
  • 4. मध्यान्ह भोजन व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए किचन शेड तथा
  • 5.स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सेप्टिक टैंक निर्माण की मांग शामिल है।


बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अम्बालिका साहू, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, प्रदेश संयोजक किसान मोर्चा रिजवान हक़, प्रदेश मंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा रणजीत सिंह हुरा, मंडल महामंत्री पंकज वर्मा, रामकुमार कौशिक, राजकुमार साहू, महेश साहू, अनिल दूबे, विष्णु राजपूत, नंदनी साहू, रविन्द्र गुप्ता, तरुण अग्रवाल, पूर्णिमा ध्रुव, पवन साहू, उदित साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विद्यालय परिवार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *