Headlines

कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल परियोजना की मंजूरी पर सरगांव में जश्न, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू का नागरिक अभिनंदन

रेल लाइन को बताया विकास की नई पटरी, जनप्रतिनिधियों ने कहा—रोजगार, व्यापार और आवागमन को मिलेगा बड़ा लाभ

सरगांव। कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को केंद्र सरकार से मिली स्वीकृति की खुशी में भाजपा मंडल सरगांव ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू का भव्य नागरिक अभिनंदन एवं स्वागत समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आयोजन को उत्साहपूर्ण बना दिया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में स्वीकृत यह महत्वाकांक्षी रेल परियोजना आने वाले वर्षों में पूरे अंचल की तस्वीर बदलने का काम करेगी। उनका कहना था कि रेल संपर्क मजबूत होने से व्यापार, उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


कार्यक्रम में बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, प्रदेश स्थायी आमंत्रित सदस्य नरेंद्र शर्मा, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष परमानन्द साहू सहित अम्बालिका साहू, पूजा कमल कौशिक, रणजीत हूरा, पंकज वर्मा, अनिल दुबे और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार देशभर में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है और कटघोरा–डोंगरगढ़ रेल लाइन इसी संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद सरगांव समेत पूरे क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और आम नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।


कार्यक्रम के समापन पर भाजपा मंडल सरगांव ने आयोजन को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है और भविष्य में भी विकास एवं जनहित के मुद्दों पर इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *