सरगांव– शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चुनचुनिया में निःशुल्क सरस्वती साइकिल वितरण एवं पाठ्यपुस्तक वितरण समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सभापति श्रीमती अम्बालिका साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिल वितरित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए उनकी निःशुल्क शिक्षा की जिम्मेदारी अपने ऊपर ली है। अब विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं का दायित्व है कि वे कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ अध्ययन कर अपने जीवन का लक्ष्य प्राप्त करें।
उन्होंने अपने संबोधन में पुराने समय की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को विद्यालय पहुँचने के लिए अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आज शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं ने इन कठिनाइयों को काफी हद तक कम किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाकर शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
श्रीमती अम्बालिका साहू ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, छात्रवृत्ति, सरस्वती साइकिल योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक स्थिति या विद्यालय की दूरी किसी भी बच्चे की शिक्षा में बाधा न बने। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने तथा अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य नरेन्द्र शर्मा ने कहा कि सरस्वती साइकिल योजना ग्रामीण अंचलों की छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है। साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी, समय की बचत होगी तथा नियमित रूप से विद्यालय पहुँचने में सहायता मिलेगी। इससे वे अपनी पूरी ऊर्जा अध्ययन, खेल एवं व्यक्तित्व विकास में लगा सकेंगी।
समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा विद्यालय की 45 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। इसके साथ ही प्राथमिक शाला चुनचुनिया एवं पूर्व माध्यमिक शाला चुनचुनिया के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएँ दी गईं। नई साइकिल एवं पुस्तकों को प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरों पर प्रसन्नता और उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ माँ के नाम 3.0’ अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसर में अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का संदेश दिया गया। अतिथियों एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आग्रह किया।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष परमानंद ध्रुव, सरपंच श्रीमती कुंती लोचन निषाद, उपसरपंच नाना सिंह निषाद, संकुल समन्वयक भगवती प्रसाद मिश्र, भूपेन्द्र कुमार लाल, भूवनेश्वरी साहू ,अजय कुमार कौशिक, श्रीमती पूनम शर्मा, मुकेश पैकरा,अनेश कुमार, रितेश अग्रवाल , श्रीमती पूजा यादव, पुरूषोत्तम साहू सहित विद्यालय परिवार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन इन्द्र कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रभारी प्राचार्य श्रीमती निहारिका रामटेके ने किया।

