बिलासपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के निर्देशानुसार प्रदेश में स्मार्ट मीटर के विरोध, लगातार बढ़ रही बिजली दरों, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर चलाए जा रहे चरणबद्ध आंदोलन की तैयारी के संबंध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने बैठक में भाग लेकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वार्ड एवं बूथ स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता घर-घर जाकर बढ़ी हुई बिजली दरों, स्मार्ट मीटर के विरोध, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को पुनः लागू करने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर शिकायत प्रपत्र भरवाएंगे। साथ ही आम नागरिकों से इन मुद्दों पर फीडबैक लेकर सभी शिकायत प्रपत्रों को एकत्रित कर शासन-प्रशासन को सौंपा जाएगा।
बैठक के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के नव-नियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों का पुष्पहार पहनाकर सम्मान किया गया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता लगातार बढ़ते बिजली बिल, स्मार्ट मीटर की समस्याओं एवं अघोषित बिजली कटौती से परेशान है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं को दर्ज किया जाएगा और शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही है और आगे भी जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ती रहेगी।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि ब्लॉक कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम नागरिकों से संपर्क करेगा और उनकी बिजली संबंधी समस्याओं को शिकायत प्रपत्रों के माध्यम से संकलित करेगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से बिना किसी भेदभाव एवं गुटबाजी के एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने, जनहित के मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने तथा आगामी चरणबद्ध आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, तिफरा-परसदा मंडल अध्यक्ष संत सर्वे, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राकेश यादव, शहर कांग्रेस महामंत्री महेश ठाकुर, जिला कांग्रेस महामंत्री शिव यादव, जिला सचिव शहजादा खान, पवन साहू, अमित यादव, हर्ष छाबड़ा, राजेश साहू, रामायण रजक, भागवत श्रीवास, रामकुमार मनहर, महेंद्र साहू, नागेश ध्रुव, दिनेश यादव, योगेश सोनी, महेश कुमार कोरी, अप्पा राव, शमीम फरजाना, अश्वनी राजपूत, देवा साहू, रथलाल साहू, फूलचंद लहरे, मोहम्मद शाहनवाज, अक्षय नवरंग, एल. के. लाड़िया, सचिन भवानी, लक्ष्मण सिंह ध्रुव, आशीष वर्मा, आकाश यादव, शुभम वर्मा, दिलबाग सिंह, राजेश कुमार कश्यप, भागवत सप्रे, नरसिंह वैष्णव, दुर्गेश साहू, बलवंत यादव, रमजान खान, हर्ष दीप सागर, रमेश सोनी, असीम दास, कृष्णा ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

