उपसरपंच-पंचों का आरोप- प्रस्ताव और भुगतान के बाद भी मौके पर काम नहीं, कलेक्टर से जांच की मांग
सरगांव। पथरिया विकासखंड की ग्राम पंचायत पेंड्री (स) में पंचायत के विकास कार्यों और राशि के आहरण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। उपसरपंच एवं पंचों ने सरपंच और सचिव पर पंचायत की राशि के उपयोग में अनियमितता के आरोप लगाते हुए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत की है।
शिकायतकर्ताओं ने पंचायत के वित्तीय लेन-देन, प्रस्तावित कार्यों और मौके पर हुए निर्माण कार्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। 22 सितंबर 2026 को उपसरपंच द्वारिका पटेल द्वारा कलेक्टर जनदर्शन में टोकन क्रमांक 19229 के माध्यम से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में गौठान के मुरुमीकरण और नाली सफाई के नाम पर राशि का आहरण किया गया, लेकिन मौके पर काम दिखाई नहीं दे रहा है। शिकायत में कहा गया है कि गौठान के अंदर कहीं भी मुरुमीकरण नहीं कराया गया है और न ही संबंधित नाली की सफाई कराई गई है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि पंचायत में कई कार्यों के लिए पंचों से प्रस्ताव पारित करा लिए जाते हैं, लेकिन प्रस्तावित कार्यों में से कुछ कार्य धरातल पर नहीं किए जा रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित कार्यों के नाम पर पंचायत खाते से राशि आहरित किए जाने का आरोप लगाया गया है। उपसरपंच एवं पंचों ने पूरे मामले की जांच कर पंचायत के प्रस्ताव, भुगतान संबंधी दस्तावेज, खाते से किए गए आहरण तथा कार्यस्थल का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पंचायत की राशि से जिन कार्यों का भुगतान किया गया, वे वास्तव में मौके पर हुए हैं या नहीं।
शिकायतकर्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से भी मामले की उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अब शिकायत पर प्रशासनिक जांच होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।























