▪️अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम प्रेषित किया ज्ञापन
▪️पिछड़ा वर्ग की सटीक संख्या के आधार पर ही मिल सकता है न्यायसंगत अधिकार और प्रतिनिधित्व: सुनील साहू
बिलासपुर।
आज जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर (पिछड़ा वर्ग विभाग) द्वारा आगामी जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए पृथक एवं स्पष्ट कॉलम शामिल करने, ओबीसी वर्ग की वास्तविक संख्या का प्रामाणिक आंकड़ा जुटाने तथा उसके आधार पर उचित प्रतिनिधित्व और भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बिलासपुर कलेक्टर को महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह विरोध व मांग प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग बिलासपुर के अध्यक्ष सुनील साहू के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।
प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुँचकर जिला दंडाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित करते हुए देश तथा राज्य के करोड़ों पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों एवं सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद किया।
देश की बड़ी आबादी को अद्यतन आंकड़ों के बिना अधिकारों से वंचित रखना अन्याय: सुनील साहू
ज्ञापन सौंपने के पश्चात जिला अध्यक्ष सुनील साहू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि:
“भारत का संविधान सामाजिक न्याय, समान अवसर और समावेशी विकास की अवधारणा पर आधारित है। देश और प्रदेश की कुल आबादी का एक बहुत बड़ा हिस्सा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) से संबंधित है, जो वर्षों से सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक न्याय की मांग कर रहा है। अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि स्वतंत्रता के इतने दशकों बाद भी देश में ओबीसी वर्ग की वास्तविक और अद्यतन जनसंख्या का कोई आधिकारिक व प्रामाणिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। जब तक सटीक आंकड़े सामने नहीं आएंगे, तब तक शिक्षा, रोजगार, आरक्षण, छात्रवृत्ति और जनकल्याणकारी योजनाओं का न्यायसंगत निर्धारण संभव नहीं है।”
जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग से कॉलम अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए: लक्ष्मीनाथ साहू
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा की आबादी के अनुपात में सही प्रतिनिधित्व और भागीदारी के लिए आगामी राष्ट्रीय जातिगत जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की गणना हेतु पृथक और स्पष्ट कॉलम जोड़ा जाए। वैज्ञानिक एवं पारदर्शी आंकलन: ओबीसी समुदाय की वास्तविक जनसंख्या का वैज्ञानिक, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से आंकड़ा संकलित किया जाए।
आंकड़ों का सार्वजनिकरण: जनगणना से प्राप्त समस्त आंकड़ों को बिना किसी गोपनीयता के पूर्ण पारदर्शिता के साथ सार्वजनिक किया जाए।
नीतियों एवं कल्याणकारी योजनाओं का पुनर्मूल्यांकन: प्राप्त वास्तविक आंकड़ों के आधार पर ही आरक्षण, राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा व सरकारी योजनाओं की समीक्षा कर नई नीतियां बनाई जाएं।
संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा: पिछड़ा वर्ग समुदाय के संवैधानिक अधिकारों और आबादी के अनुसार हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।
कार्यक्रम में प्रमुख कांग्रेसजन रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष सुनील साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू, मंडल अध्यक्ष संत सर्वे, राहुल राजपूत, छोटू यादव आदि कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि ओबीसी वर्ग को उनका हक और अधिकार दिलाने के लिए यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगा।






















