Headlines

66.52 लाख की लागत से बने सरगांव के नवीन थाना भवन का लोकार्पण

मदकूद्वीप के आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम से मुख्यमंत्री साय ने किया वर्चुअल लोकार्पण, आईजी गर्ग व एसएसपी पटेल ने काटा फीता

सरगांव। क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सरगांव को नवीन थाना भवन की सौगात मिली है। 66.52 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन थाना भवन का लोकार्पण शुक्रवार को ग्राम पंचायत मदकूद्वीप में आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल रूप से किया।

  मुख्यमंत्री के वर्चुअल लोकार्पण के बाद सरगांव में आयोजित कार्यक्रम में बिलासपुर जोन कमिश्नर सुनील जैन, बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग एवं मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल ने फीता काटकर भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इसके बाद विधिवत पूजा पाठ किया गया। नवीन थाना भवन में पुलिस के कामकाज और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं।

  इसमें थाना प्रभारी कक्ष, मोहर्रिर कक्ष, महिला हेल्पलाइन कक्ष, शस्त्रागार कक्ष, ड्यूटी अधिकारी कक्ष, मालखाना कक्ष, स्टाफ कक्ष और स्टोर रूम शामिल हैं। इसके अलावा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग हवालात कक्ष बनाए गए हैं। इससे थाना स्तर पर विभिन्न कार्यों के संचालन में सुविधा के साथ पुलिसकर्मियों और आम लोगों को बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। लोकार्पण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नवीन भवन का निरीक्षण कर विभिन्न कक्षों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। नवीन भवन के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने तथा कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों के अधिक व्यवस्थित तरीके से संचालन में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव तिवारी, शौकत अली, निर्मल दिवाकर, रामकुमार कौशिक, तरुण अग्रवाल, रघु ठाकुर सहित थाना प्रभारी अशोक यादव एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *