सरगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत त्रिमूर्ति प्रोफेशनल महाविद्यालय, सरगांव में भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन एवं राष्ट्रसमर्पण की यात्रा को रंगोलियों के माध्यम से जीवंत रूप प्रदान किया।

विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों में ‘सेवा, संकल्प और सुशासन’ का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया। रंगों के माध्यम से व्यक्त इन भावों ने युवा शक्ति के राष्ट्रनिर्माण के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत सरगांव के अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि, “आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन और सेवाकाल हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को प्राथमिकता देते हुए सुशासन और राष्ट्रहित को केंद्र में रखा है। आज देश का युवा उनके सेवा और समर्पण के भाव से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण में अपनी भूमिका निभा रहा है।”
महाविद्यालय के डायरेक्टर श्री राजेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और समर्पण का पर्याय है। विद्यार्थियों द्वारा रंगोली के माध्यम से उनके सेवा भाव को अभिव्यक्त करना इस अभियान की सार्थक पहल है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि पार्षद श्रीमती जमुना पाड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आम लोगों के जीवन में अनेक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। उनके नेतृत्व में जनकल्याण और विकास की योजनाओं का लाभ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचा है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्या कु. हितू बघेल, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सेवा, राष्ट्रसमर्पण और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को भी प्रोत्साहित किया।























