सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रामा सेंटर के रूप में उन्नयन किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा किए जाने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए नगर पंचायत सरगांव के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने विधायक श्री धरमलाल कौशिक से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
बताया गया कि क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए विधायक श्री धरमलाल कौशिक द्वारा सरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रामा सेंटर के रूप में उन्नयन किए जाने की मांग लगातार रखी जा रही थी। मुख्यमंत्री द्वारा इसकी घोषणा किए जाने से बिल्हा विधानसभा क्षेत्र सहित सरगांव क्षेत्र के लोगों को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू ने कहा कि, “सरगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रामा सेंटर के रूप में उन्नयन किए जाने की घोषणा क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है। विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण आवश्यकता को शासन के समक्ष लगातार रखा, जिसके परिणामस्वरूप यह मांग पूरी होने जा रही है। इससे दुर्घटना एवं आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी।”
भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव ने कहा कि, “सरगांव सहित पूरे बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए विधायक श्री धरमलाल कौशिक लगातार प्रयासरत हैं। ट्रामा सेंटर की घोषणा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय एवं विधायक श्री धरमलाल कौशिक का आभार व्यक्त करते हैं।”
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ट्रामा सेंटर के उन्नयन से सरगांव एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। यह सुविधा क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएगी।
विधायक से मुलाकात के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष पोषण यादव, जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य अम्बालिका साहू, सहित पार्षदगण एवं भाजपा मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।























