Headlines

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सरगांव में लॉटरी प्रणाली से हुआ विद्यार्थियों का प्रवेश – शिक्षा में पारदर्शिता की मिसाल

सरगांव। शिक्षा में समानता और पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, सरगांव में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा एल.के.जी. से दसवीं तक विद्यार्थियों का चयन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया गया। यह प्रक्रिया शासन के निर्देशों एवं नियमों के पूर्ण पालन के साथ संपन्न हुई।

लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया, जिसमें शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष राम जुड़ावन साहू, सदस्य उदय राम साहू समेत समिति के अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। इस पारदर्शी चयन प्रक्रिया की निगरानी नोडल अधिकारी एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी पथरिया एन.आर. ध्रुव द्वारा की गई।

विद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्नेहलता चंद्रा ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित सीटों के अनुसार चयन किया गया, जिसमें सभी वर्गों के छात्र-छात्राओं को समान अवसर प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ व्याख्याता नरेन्द्र दीक्षित ने किया। पालकों और समिति सदस्यों की सक्रिय भागीदारी से इस प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता के साथ सफल बनाया गया।

चयनित विद्यार्थियों को 15 मई 2025 तक प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेज विद्यालय में जमा करने होंगे। प्रवेश प्रभारी अंकिता शुक्ला दस्तावेजों का संकलन करेंगी। विद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

प्रवेशित सीटों का विवरण इस प्रकार है:

एल.के.जी. – 50 सीटें

यू-के.जी. – 5 सीटें

प्रथम कक्षा – 3 सीटें

द्वितीय कक्षा – 1 सीट

चतुर्थ कक्षा – 2 सीटें

पंचम कक्षा – 1 सीट

सप्तम कक्षा – 1 सीट

अष्टम कक्षा – 2 सीटें

नवम कक्षा – 2 सीटें

यह आयोजन शिक्षा में समान अवसर, निष्पक्षता और गुणवत्ता के प्रति शासन की गहरी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *