धार्मिक स्थल की सफाई कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सरगांव।
छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातत्विक महत्व के स्थल मदकू द्वीप में महिला स्व सहायता समूहों और स्थानीय संगठनों द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह पहल न केवल स्वच्छता की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी समाज को दिया।
भाटापारा तहसील के ग्राम पंचायत तुरमा के ओम स्व सहायता समूह, भारत माता वाहिनी महिला कमांडो समूह, जय माँ महामाया युवा प्रभाग तुरमा और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि की जिला टोली ने संयुक्त रूप से इस अभियान का संचालन किया। स्वेच्छा से भाग लेकर स्वयंसेवकों ने मदकू द्वीप की सफाई की और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं व पर्यटकों को स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

अभियान में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के जिला संयोजक शुभम कुमार वर्मा, शैक्षणिक संस्थान प्रमुख तीजराम पाल, जल प्रमुख श्रीमती सरिता बंजारे, नारी प्रमुख श्रीमती सरस्वती साहू, ग्राम पंचायत तुरमा की सरपंच श्रीमती लीला परस मनहरे, रोजगार सहायक नंदलाल पाल, युवा प्रभाग अध्यक्ष छबिराम पाल, मितानिन समूह की सरोज पाल व माहेश्वरी ध्रुव, स्व सहायता समूह की पूनम पाल, केजा पाल, बजरीहीन पाल, संमल बाई ध्रुव सहित श्री विशंभर पाल व पुरुषोत्तम मनहरे सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।
यह स्वच्छता अभियान महज एक सफाई कार्य नहीं था, बल्कि यह नागरिक उत्तरदायित्व की मिसाल भी बना। इसने यह संदेश दिया कि मिल-जुलकर किए गए प्रयासों से धार्मिक स्थलों को न केवल स्वच्छ रखा जा सकता है, बल्कि उन्हें भावी पीढ़ियों के लिए संरक्षित भी किया जा सकता है। यह अभियान क्षेत्र के लिए प्रेरणास्त्रोत बना और स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ।