मुंगेली। आयुष्मान भारत योजना के तहत चल रहे महाभियान कार्यक्रम के दौरान मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के ग्राम कंचनपुर से गंभीर मामला सामने आया है, जहां कार्ड बनाने के नाम पर ग्रामीणों से पैसे वसूले जाने का आरोप लगा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मी द्वारा प्रत्येक आयुष्मान कार्ड के बदले ₹500 की मांग की जा रही थी। कई लोगों से यह राशि वसूल भी की गई है। जबकि सरकार की ओर से यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है और इसके लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इस मामले की जानकारी सामने आने के बाद ग्राम के उपसरपंच ने लिखित आपत्ति दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने इस अवैध वसूली का विरोध किया तो ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी राम सिंह राजपूत ने उन्हें धमकी दी।
इस पूरे घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उपसरपंच और संबंधित कर्मी के बीच हुई बहस को देखा और सुना जा सकता है। हालांकि, बिल्हा एक्सप्रेस न्यूज इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

इस घटना ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कार्रवाई करता है।