मुंगेली// सरगांव थाना पुलिस ने तत्परता और सजगता का परिचय देते हुए वाहन चोरी की घटना का खुलासा कुछ ही घंटों में कर दिया। पुलिस ने चोरी के दोनों वाहन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 4 अक्टूबर 2025 की रात की है। प्रार्थी नंदू साहू (उम्र 32 वर्ष, पिता सगुन साहू, निवासी सांवा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दैनिक गैस डिलीवरी के बाद उन्होंने टाटा मैजिक गोल्ड (क्रमांक सीजी-12-बीडी-8335) को गोदाम के अंदर खड़ा किया और ताला लगाकर घर लौट आए। रात करीब 12:30 बजे लौटने पर उन्होंने गोदाम का ताला टूटा पाया और वाहन गायब था। तुरंत सरगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर अपराध क्रमांक 147/2025 धारा 305(ए), 332 बीएनएस के तहत मामला पंजीकृत किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संतोष शर्मा के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस को बैतलपुर अंडरब्रिज के पास संदिग्ध स्थिति में एक व्यक्ति टाटा मैजिक पर होण्डा साइन मोटरसाइकिल लादे हुए मिला। घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी संजय पटेल (उम्र 43 वर्ष, पिता स्व. ईतवारी, निवासी बिरकोना, थाना कोनी, जिला बिलासपुर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने टाटा मैजिक (कीमत ₹2.50 लाख) और भिलाई से चोरी की गई होण्डा साइन बाइक (क्रमांक CG-07-AE-3321, कीमत ₹30,000) चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर आरोपी को 6 अक्टूबर 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संतोष शर्मा, प्रधान आरक्षक अशोक कौशिक, आरक्षक भलेश्वर जायसवाल और सुरज धुरी की भूमिका महत्वपूर्ण और सराहनीय रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा की भावना और पुलिस पर विश्वास दोनों और अधिक मजबूत हुए हैं।