सरगांव। विधानसभा बिल्हा की संगठनात्मक मजबूती की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने एक अहम निर्णय लेते हुए आईटी प्रकोष्ठ से सक्रिय कार्यकर्ता शिव पाण्डेय को विधानसभा संयोजक नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा जिला अध्यक्ष मान. दीनानाथ केशरवानी द्वारा औपचारिक आदेश जारी कर घोषित की गई।
नियुक्ति के बाद शिव पाण्डेय ने क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी चुनौती भी है, जिसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाएंगे।
भाजपा जिला नेतृत्व का मानना है कि डिजिटल युग में संगठन को सशक्त बनाने के लिए आईटी से जुड़े अनुभवी कार्यकर्ताओं को आगे लाना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के तहत शिव पाण्डेय को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।
नवनियुक्त विधानसभा संयोजक शिव पाण्डेय लंबे समय से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, आईटी प्रकोष्ठ, पत्रकारिता एवं प्रिंट मीडिया से जुड़े रहे हैं। इसके साथ ही वे नगर पंचायत सरगांव में पार्षद के रूप में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। संगठन के डिजिटल अभियानों, डाटा प्रबंधन और सोशल मीडिया समन्वय में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है। सदस्यता अभियान से लेकर चुनावी रणनीति तक, तकनीक के माध्यम से संगठन को मजबूती देने में उनकी भूमिका अहम रही है।
शिव पाण्डेय ने कहा कि वे बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण और आईटी के माध्यम से संपर्क तंत्र को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक के प्रभावी उपयोग से संगठन को नई गति मिलेगी और जनता तक सही व पारदर्शी जानकारी पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आईटी सेल से मंडल सरगांव संयोजक तरुण अग्रवाल, सह संयोजक निखिल कौशिक, सोशल मीडिया संयोजक दुर्गेश वर्मा एवं सह संयोजक महेश साहू की नियुक्ति भी की गई
आईटी प्रकोष्ठ से शिव पाण्डेय बने बिल्हा विधानसभा संयोजक