पथरिया (मुंगेली)। जिले के धरदेई धान उपार्जन केंद्र में लाखों रुपये के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान केंद्र में 2156.08 क्विंटल धान की कमी पाई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 66 लाख 83 हजार 848 रुपये बताई जा रही है। मामले में कार्रवाई करते हुए मुंगेली पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर थाना पथरिया पुलिस ने केंद्र प्रभारी कार्तिक राम ध्रुव (53 वर्ष, निवासी झुलनाकला) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जांच में हुआ गबन का खुलासा
मामले का खुलासा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, शाखा सरगांव के कर्मचारी मोहर दास आर्य की शिकायत के बाद हुआ। कलेक्टर कार्यालय की सहकारिता शाखा द्वारा गठित संयुक्त जांच टीम—जिसमें नायब तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, सहकारिता विस्तार अधिकारी और बैंक प्रतिनिधि शामिल थे—ने केंद्र का भौतिक सत्यापन किया।
जांच रिपोर्ट में केंद्र प्रभारी कार्तिक राम ध्रुव और कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप दुबे द्वारा रिकॉर्ड में हेराफेरी कर शासन को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 87/26 के तहत धारा 316(2), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
गिरफ्तारी की कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर और तकनीकी सहायता के आधार पर 26 अप्रैल 2026 को नांदघाट (जिला बेमेतरा) से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद धान खरीदी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।
आरोपी को 27 अप्रैल को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक गिरजाशंकर गोस्वामी (प्रभारी थाना पथरिया), उपनिरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी (सायबर सेल प्रभारी), सहायक उपनिरीक्षक नरेश साहू सहित आरक्षक राहुल यादव, राकेश बंजारे और हलिश गेंदले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल द्वारा आर्थिक अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत इसे एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।















