Headlines

दो पंचवर्षीय से जलभराव की मार, वार्ड-15 के रहवासियों को अब भी स्थायी समाधान का इंतजार

जाम नालियां, छोटी अंडरग्राउंड पाइप और नीची सड़क बनी वजह; हर बारिश में डूब जाती है सड़क, नगर पंचायत से कई बार गुहार के बाद भी नहीं निकला हल


सरगांव। नगर पंचायत सरगांव के वार्ड क्रमांक-15 में बारिश के साथ ही एक बार फिर जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। सड़क पर पानी भर जाने से आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि पिछले दो पंचवर्षीय कार्यकाल (करीब 10 वर्षों) से बनी हुई है। कई बार नगर पंचायत से स्थायी समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।


रहवासियों के अनुसार जलभराव का सबसे बड़ा कारण नालियों की नियमित सफाई नहीं होना है। अधिकांश समय नालियां जाम रहती हैं, जिससे बारिश का पानी समय पर नहीं निकल पाता। इसके अलावा सड़क के नीचे बनाई गई अंडरग्राउंड जल निकासी पाइप (डोंड) का व्यास काफी छोटा है, जिसके कारण एक ओर का पानी दूसरी ओर पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाता। वहीं सड़क का स्तर आसपास की जमीन की तुलना में नीचा होने से बारिश का पूरा पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है।


हालांकि नगर पंचायत द्वारा नगर के अन्य वार्डों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों का निर्माण कराया गया है, लेकिन वार्ड क्रमांक-15 की समस्या वर्षों से जस की तस बनी हुई है। जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर भरे पानी से फिसलकर दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर बारिश के दौरान नगर पंचायत केवल औपचारिक कार्रवाई करती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता। रहवासियों ने जल्द से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई और अंडरग्राउंड पाइप को बड़ा करने की मांग की है, ताकि हर साल होने वाली इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *