विधायक ने पत्रकारों की भूमिका को बताया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ, हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा
सरगांव। प्रेस क्लब सरगांव के नवगठन के बाद मंगलवार को क्लब के पदाधिकारियों ने बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक से उनके परसदा स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया तथा प्रेस क्लब के गठन और आगामी गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रेस क्लब सरगांव के सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ हैं। निष्पक्ष, जिम्मेदार और सकारात्मक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने के साथ शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु का कार्य करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब सरगांव क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास कार्यों को तथ्यात्मक एवं निष्पक्ष रूप से सामने लाकर समाजहित में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भेंट के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने सरगांव में प्रेस क्लब के संचालन के लिए स्थायी कार्यालय भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर विधायक कौशिक ने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पत्रकारों की सुविधा और संगठन की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यथासंभव सहयोग किया जाएगा।
चर्चा के दौरान विधायक कौशिक ने नगर पंचायत सरगांव में अब तक कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही उन्होंने नगर के भविष्य के विकास को लेकर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों से सुझाव भी आमंत्रित किए। प्रतिनिधिमंडल ने नगर की आधारभूत सुविधाओं, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने संबंधी अपने सुझाव विधायक के समक्ष रखे।
इस अवसर पर प्रेस क्लब सरगांव के संरक्षक संपति कुमार शर्मा, अध्यक्ष राजकुमार यादव, उपाध्यक्ष महेंद्र साहू एवं निर्मल अग्रवाल, सचिव शहनवाज ख़ान (शानू), संयुक्त सचिव मनीष कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नारायण बंजारे, कार्यकारिणी सदस्य करण सेन उपस्थित रहे।
