Headlines

198 छात्राओं को मिली साइकिल, 2.85 करोड़ के नवीन स्कूल भवन का हुआ लोकार्पण

बेटियों को शिक्षा से जोड़ना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : कौशिक

सरगांव। छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत सोमवार को नगर पंचायत सरगांव स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय के नवीन भवन में साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कक्षा 9वीं की 198 छात्राओं को साइकिल वितरित की। इनमें सेजेस स्कूल की 38 तथा कन्या शाला की 160 छात्राएं शामिल हैं।

इस दौरान 2 करोड़ 85 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण भी किया गया। विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सरस्वती साइकिल वितरण योजना बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर अपने सपनों को साकार कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि शिक्षित बेटियां ही सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। छात्राओं से मन लगाकर अध्ययन करने, माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करने तथा जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

  छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। शासन की यह योजना उन्हें शिक्षा से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा को अपनी सबसे बड़ी ताकत बनाने, अनुशासन का पालन करने तथा उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाकर परिवार, क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।

  विकासखंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रतिभा मंडलोई ने कहा कि परिवहन संबंधी कठिनाइयों के कारण किसी भी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसी सोच के साथ शासन यह योजना संचालित कर रहा है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने और साइकिल का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।

  साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं ने खुशी जताते हुए कहा कि अब विद्यालय आने-जाने में आसानी होगी, समय बचेगा और वे नियमित रूप से पढ़ाई कर सकेंगी।

कार्यक्रम में: मंडल अध्यक्ष पोषण यादव,नगर पंचायत अध्यक्ष परमानंद साहू, उपाध्यक्ष पूजा कौशिक,जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य अम्बालिका साहू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र शर्मा, , प्रदेश मंत्री (अल्पसंख्यक मोर्चा) रणजीत सिंह हुरा,  रामकुमार कौशिक, पंकज वर्मा, रवींद्र गुप्ता, राजकुमार (छोटू) साहू, सुषमा पोषण यादव, नंदनी साहू सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *