Headlines

जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा में  जनपद अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक ने किया औचक निरीक्षण, बच्चों को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित कर बांटे ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ पुरस्कार

बिल्हा । जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक ने संकुल केंद्र कन्या बिल्हा के अंतर्गत संचालित जनपद प्राथमिक शाला बिल्हा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूली बच्चों से सीधा संवाद स्थापित कर अपने बचपन के संस्मरण साझा किए। डॉ. कौशिक ने छात्र-छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों व कथनों से प्रेरणा लेने, नियमित रूप से पढ़ाई करने तथा प्रतिदिन साफ-सुथरे वातावरण में विद्यालय आने , जल बचाने, वृक्षारोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने शाला में पिछले छ: वर्षों से निरंतर संचालित ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ योजना के तहत सितंबर माह का पुरस्कार विद्यार्थियों को अपने कर-कमलों से प्रदान किया। पुरस्कार पाने वालों में कक्षा पहली की नायरा भारद्वाज, कक्षा दूसरी की पलक नेताम, कक्षा तीसरी की स्वाति गेंदले, कक्षा चौथी की पलक ध्रुव एवं कक्षा पांचवी की खुशी लहरे शामिल हैं।
शाला में संचालित विभिन्न नवाचार गतिविधियों की सराहना करते हुए जनपद अध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक कुम्हार के समान होते हैं, जो कच्ची मिट्टी रूपी बच्चों को तराशकर एक सुंदर व सुदृढ़ आकार प्रदान करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय के शिक्षक कलेश्वर साहू को विश्व रिकॉर्डधारी बनने पर विशेष रूप से बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष श्री इंद्रजीत सिंह क्षत्रिय तथा मंडल अध्यक्ष उमाशंकर कश्यप उपस्थित रहे। वहीं शाला परिवार की ओर से प्रधान पाठक साधराम मरकाम एवं शिक्षक पुनीराम साहू, कलेश्वर साहू , श्वेता केशरी, नीलम सूर्यवंशी आदि की उपस्थिति में यह कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *